अगर आपको बैंक में पैसे का लेन-देन संबंधी अन्य जरूरी कार्य करना है तो आपके पास एक दिन का मौका है, इसकी वजह यह है कि शुक्रवार के बाद तीन दिनों तक बैंक बंद रहेंगे। 11 से लेकर 13 मार्च तक बैंक में अवकाश है।
होली त्योहार के मद्देनजर एक तरफ बाजार में जहां जमकर खरीददारी हो रही है, वहीं दूसरी ओर चुनाव संपन्न होने के बाद बैंकों पर भी लोड बढ़ गया है। त्योहार को देखते हुए बैंकिंग करने के लिए अधिक संख्या में लोग बैंक पहुंच रहे हैं।
नौकरीपेशा लोगों के लिए राहत भरी खबर यह है कि त्योहार माह के शुरू में पड़ने से खाते में तनख्वाह आ गई है। ऐसे में खरीददारी करने में हाथ समेटना नहीं पड़ेगा। लेकिन थोड़ी सी ढिलाई उन्हें त्योहार पर भारी भी पड़ सकता है।
खाते में पैसा रहते हुए भी जरूरत के सामानों की खरीददारी नहीं कर सकेंगे। इसकी वजह यह है कि शुक्रवार के बाद शनिवार से बैंक तीन दिनों के लिए बंद रहेंगे। शनिवार को माह का दूसरा शनिवार होगा, रविवार की बंदी और सोमवार को होली का अवकाश।
ऐसे में तीन दिनाें तक बैंक लगातार बंद रहेंगे। बैंक बंद होने से कैश की समस्या भी हो सकती है। यहां चिंता की बात यह भी है कि छुट्टी वाले दिन अधिकांश बैंकों के एटीएम भी बंद ही रहते हैं। कुछ खुलते भी हैं तो उनमें कैश रहने की कोई गारंटी नहीं है।
ऐसे में बैंक और एटीएम बंद रहने के स्थिति में लोगों को भटकना पड़ सकता है।