आजमगढ़ जिले के सइदवारा में बैंक आफ इंडिया में कार्यरत बैंक मैनेजर पटना निवासी मनीष कुमार पांडेय ने अपने कमरे पंखे में फंदा लगाकर जान दे दी। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। घटना शनिवार रात की है। मृतक की पत्नी बैंक ऑफ महाराष्ट्र की वाराणसी ब्रांच में कार्यरत है।
मृतक सिधारी थाना क्षेत्र के खैरातपुर गांव में किराये के मकान में रहता था। मृतक के पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बहू पर प्रताड़ना करने का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने व मोबाइल की कॉल डिटेल के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
घटना की जानकारी तब हुई, जब मैनेजर की पत्नी शनिवार की देर रात साढ़े 12 बजे उसके आवास पर पहुंची। पटना (बिहार) के राजेंद्रनगर कॉलोनी निवासी मनीष कुमार पांडेय (35) पुत्र श्रवण कुमार बैंक आफ इंडिया सइदवारा बाजार के मैनेजर थे।
जबकि मनीष की पत्नी प्रियंका सुमन बैंक ऑफ महाराष्ट्र वाराणसी शाखा में काम करती है। प्रियंका छुट्टी होने पर आजमगढ़ आया जाया करती थी। उनके दो बच्चे हैं। बेटा तीन साल का जबकि बेटी एक साल की। दोनों बच्चे अपने ननिहाल में रहते हैं।