भीषण गर्मी से काशी तप रही है। आलम ये है कि रविवार के दिन पारा 43.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। नतीजा बनारस देश का सबसे गर्म शहर बन गया। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार दो दिन बाद मौसम बदलने के आसार हैं। हल्की बूंदाबांदी होने की उम्मीद है।
काशी में तीखी धूप और गर्मी ने लोगों की बेचैनी बढ़ा दी है। दिन में धूप के साथ ही गर्म हवाएं चल रही हैं तो रात में भी उमस से राहत नहीं मिल पा रही है। रविवार को इसी तरह का मौसम बना रहा। दोपहर बाद थोड़ी देर के लिए बादलों की आवाजाही जरूर देखने को मिली। इसी बीच काशी का तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया, जो कि देश का सर्वाधिक तापमान रहा।
विज्ञापन
पिछले एक सप्ताह से गर्मी बढ़ गई है। इस वजह से दिन में तो लोगों को परेशानी हो रही है, रात में भी बेचैनी दूर नहीं हो पा रही है। पिछले एक सप्ताह से तापमान भी 40 डिग्री सेल्सियस के पार है। रविवार की सुबह से ही धूप बहुत तेज रही। दिन में भी गर्म हवाएं चलती रहीं।
दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे सारनाथ में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हुई तो लगा कि राहत मिलेगी लेकिन दो मिनट बाद ही बूंदाबांदी बंद हो गई। सिंधौरा, चौबेपुर, राजातालाब के साथ ही शहरी इलाकों में हवा अन्य दिनों की तुलना में तेज रही।
विज्ञापन
हवा और बूंदाबांदी महज दो से चार मिनट तक रही। शाम को फिर गर्मी जस की तस हो गई। तापमान की अगर बात करें तो प्रदेश के साथ ही देश में सबसे अधिक गर्म 43.2 डिग्री सेल्सियस वाराणसी का रविवार का तापमान रहा।
उधर प्रयागराज 41.1, चुर्क 41.2, सुल्तानपुर 41.3, गाजीपुर 41.5 रहा। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि इस सप्ताह से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। दो दिन बाद से तेज हवा के साथ ही बूंदाबांदी के भी आसार हैं।