महिला को झाड़-फूंक की बातों में उलझा कर पांच लोग सोने की बाली लेकर भाग निकले। सूचना जब गांव वालों को मिली तब हलचल मच गई। पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया जिसके बाद सीसीटीवी की मदद ली जा रही है।
देईपुर ग्रामसभा की एक महिला को झाड़-फूंक की बातों में उलझा कर रविवार को चार युवक और एक युवती उनकी सोने की बाली लेकर भाग गए। महिला की सूचना पर पहुंची चोलापुर थाने की पुलिस उनके घर के आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल कर युवकों और युवती को चिह्नित करने का प्रयास कर रही है।
विज्ञापन
शशि पांडेय अपनी पुत्री के साथ देईपुर में रहती हैं। उन्होंने बताया कि दोपहर के समय दो बाइक से चार युवक और एक युवती आई। पांचों ने उन्हें बातों में उलझाकर चावल मांगा। कहा कि हम लोग झाड़-फूंक देंगे तो आपकी आर्थिक समस्या कम हो जाएगी। बातों में आकर वह एक कागज में चावल ले आई।
युवती ने उनसे कान में पहनी हुई सोने की बाली भी कागज पर रखने को कहा। इसके बाद उसने चावल के साथ बाली को कागज में लपेट कर रख दिया। झाड़-फूंक के बाद एक युवक चावल और बाली वाला कागज छत पर फेंक दिया। फिर उन्हें छत पर जाकर नीचे लाने को कहा।
विज्ञापन
शशि छत से नीचे आईं तो पांचों घर से जा चुके थे। इस संबंध में चोलापुर थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।