मिर्जामुराद। काशी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (केआईटी) के बीबीए सेकेंड सेमेस्टर के छात्र निलेश झा (25) की बिहार के समस्तीपुर जिले में गोली लगने से मौत हो गई। होली की छुट्टी पर अपने पैतृक गांव मऊ गणेशपुर, विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र गए छात्र को शनिवार देर शाम दोस्तों के साथ पार्टी के दौरान गोली लग गई। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेगूसराय ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर शिक्षकों और छात्रों में हलचल मच गई और हॉस्टल के छात्र भी गमगीन हैं।
जानकारी के अनुसार, बिहार निवासी निलेश झा पुत्र पप्पू झा, वाराणसी के मिर्जामुराद स्थित काशी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में बीबीए सेकेंड सेमेस्टर का छात्र था। संस्थान में होली की छुट्टी होने पर वह अपने घर चला गया था और रविवार को ट्रेन से वाराणसी लौटने वाला था। हॉस्टल में रहने वाले दोस्तों ने बताया कि शनिवार सुबह उनकी निलेश से फोन पर बात भी हुई थी। निलेश को दोस्तों ने फोन कर पार्टी के लिए बुलाया था। मऊ बाजार में पार्टी के दौरान अचानक उसे गोली लग गई। संवाद