- यूपी बार काउंसिल के अध्यक्ष ने कहा, नई एल्डर्स कमेटी कराए चुनाव
- एक दिन पहले पुरानी एल्डर्स कमेटी को चुनाव कराने की मिली थी जिम्मेदारी
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। 183 वर्ष पुराने बनारस बार एसोसिएशन की नई और पुरानी एल्डर्स कमेटी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। ताजातरीन घटनाक्रम में एसोसिएशन के अध्यक्ष कमलेश कुमार सिंह का त्यागपत्र वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव ने वापस कर दिया है। वहीं, यूपी बार काउंसिल के अध्यक्ष शिव किशोर गौड़ ने कहा है कि एसोसिएशन का वार्षिक चुनाव नई एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन अधिवक्ता सौरभ श्रीवास्तव की देखरेख में संपन्न कराया जाए।
अधिवक्ता अवधेश कुमार सिंह के अनुसार गत दिनों बनारस बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव को संपन्न कराने के लिए सर्वसम्मति से सौरभ श्रीवास्तव के नेतृत्व में एल्डर्स कमेटी का गठन किया गया था। नई एल्डर्स कमेटी ने कार्यभार ग्रहण कर काम करना शुरू कर दिया। इसी बीच बार काउंसिल ऑफ इंडिया के को-चेयरमैन श्रीनाथ त्रिपाठी ने पुरानी एल्डर्स कमेटी को चुनाव कराने का निर्देश दे दिया। अब बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष ने श्रीनाथ त्रिपाठी का आदेश निरस्त कर दिया है। नई और पुरानी एल्डर्स कमेटी में विवाद के कारण शनिवार की दोपहर 1:30 बजे से साधारण सभा की बैठक बुलाई गई है।
-
यूपी बार काउंसिल के अध्यक्ष का पत्र रद्दी का टुकड़ा
बार काउंसिल ऑफ इंडिया के को-चेयरमैन अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी ने कहा कि उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के अध्यक्ष का पत्र कानून की निगाह में रद्दी का टुकड़ा है। उनको ऐसी टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है। यदि उन्हें कुछ करना ही था तो सभी पक्षों की बात सुनकर प्रस्ताव बार काउंसिल ऑफ इंडिया को भेजते। बनारस बार एसोसिएशन का चुनाव पूर्ववत एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन अशफाक अहमद द्वारा जारी रखा जाए। उन्होंने कहा कि बनारस बार चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उच्चतम और उच्च न्यायालय ने बार-बार अपने निर्णयों में निर्धारित किया है कि बार एसोसिएशन की चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ होने के बाद बार काउंसिल उसमें किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप नहीं करेगी।
-
विवाद के बीच नामांकन शुरू, 37 फॉर्म बिके
नई और पुरानी एल्डर्स कमेटी को लेकर जारी विवाद के बीच बनारस बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव की नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई है। पुरानी एल्डर्स कमेटी के चेयरमेन अशफाक अहमद की देखरेख में पहले दिन 10 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। इसके साथ प्रत्याशियों ने 37 नामांकन फॉर्म खरीदे। बनारस बार एसोसिएशन के 5367 मतदाता हैं। इनमें 3457 आजीवन और 1910 साधारण सदस्य शामिल हैं।