Varanasi News: आईआईटी बीएचयू में पेड़, खंभे, शैक्षणिक भवनों, हॉस्टल और दीवारों पर पोस्टर लगाना सख्त मना होगा। पोस्टर या बैनर लगाने से पहले चीफ प्रॉक्टर की पूर्व अनुमति लेनी होगी।
आईआईटी बीएचयू ने बिना अनुमति के कैंपस में पोस्टर, बैनर और अस्थायी स्टॉल लगाने पर रोक लगा दी है। रजिस्ट्रार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि इससे कैंपस में रखरखाव और समन्वय आदि से संबंधित समस्याएं खड़ी हो रहीं हैं। इससे संस्थान की सुंदरता, असुविधा और सुविधा संबंधी चिंताएं बढ़ रहीं हैं। पेड़, खंभे, शैक्षणिक भवनों, हॉस्टल और दीवारों पर ऐसा करना सख्त मना होगा।
विज्ञापन
नियम तोड़ने पर अनुशासनात्मक कार्यवाही होगी। नियंत्रण रखने और शिष्टाचार बनाए रखने के लिए सात तरह के दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। पोस्टर या बैनर लगाने से पहले चीफ प्रॉक्टर की पूर्व अनुमति लेनी होगी।
विभागाध्यक्ष, प्रोफेसर इन चार्ज, समन्वयक समेत अपने अधिकारियों से प्रस्ताव बनाकर अनुमोदन के लिए भेजना होगा। इनके लिए एक विशेष स्थान बनाया जाएगा, वहीं पर लगाया जा सकता है। अनुमति के बावजूद भी सात दिन से ज्यादा पोस्टर लग नहीं पाएगा। स्टॉल को 24 घंटे के बाद हटा लिया जाएगा। इसके अलावा उन्हें ही साफ-सफाई करानी होगी। पालन न करने पर सजा दी जाएगी।