महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से संबद्ध मेडिकल कॉलेजों में बैचलर ऑफ आयुर्वेद मेडिकल एंड सर्जरी (बीएएमएस) की परीक्षाएं 10 अगस्त से होंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सीसीआईएम से मान्यता नहीं होने के कारण दो मेडिकल कॉलेजों को छोड़कर बाकी संबद्ध मेडिकल कॉलेजों की परीक्षाएं आयोजित कराई जाएंगी। विद्यापीठ से सात आयुर्वेद कॉलेज संबद्ध हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सत्र 2019-20 बैच के प्रथम व्यावसायिक व सत्र 2015-16 बैच के चतुर्थ व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं दस अगस्त से कराने का निर्णय लिया है। इसके अलावा दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश पर विद्यापीठ ने डॉ. विजय आयुर्वेदिक मेडिकल कालेज (कैथी) के सत्र 2018-19 बैच के प्रथम व्यावसायिक बैच की परीक्षा कराने का भी निर्णय लिया है। हालांकि परिणाम हाईकोर्ट के आदेश के बाद ही जारी होगा। वहीं, मान्यता न होने के कारण विद्यापीठ प्रशासन संतुष्टि आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज (चुनार) व एपेक्स आयुर्वेदिक मेडिकल कालेज (चुनार) के विद्यार्थियों की परीक्षा नहीं कराएगा। सीसीआईएम से मान्यता न होने के कारण डॉ. विजय आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज (कैथी), संतुष्टि आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज (चुनार) व अपेक्स आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज (चुनार) के 2018-19 बैच के छात्रों की परीक्षाएं अब तक नहीं कराई गई थीं। जबकि दो कॉलेजों के करीब दो सौ छात्र पिछले तीन साल से फंसे हुए हैं। मान्यता व परीक्षा को लेकर कई बार छात्रों ने धरना- प्रदर्शन किया है।
30 जुलाई तक कर सकते हैं आवेदन
विद्यापीठ प्रशासन ने प्रथम व्यावसायिक (सत्र 2019-20) व चतुर्थ व्यावसायिक (सत्र-2015-16) का परीक्षा फार्म भी वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। प्रथम व चतुर्थ व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी ऑनलाइन 30 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। वहीं, सत्र-2019-20 बैच में भी विद्यापीठ प्रशासन ने तीन मेडिकल कॉलेजों के लिए छात्रों को परीक्षा फॉर्म भरने पर प्रतिबंध लगा दिया है। ऐसे में डा. विजय आयुर्वेदिक मेडिकल कालेज (कैथी), संतुष्टि आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज (चुनार) व एपेक्स आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज (चुनार) के विद्यार्थी परीक्षा फार्म नहीं भर सकते हैं। हालांकि (सत्र-2015-16) बैच के संतुष्टि आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के छात्र परीक्षा फार्म भर सकते हैं।