धनजी ने पारिवारिक विवाद को लेकर भी कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका आरोप है कि माता-पिता और पड़ोसियों की ओर से उसकी संपत्ति, कमाई और वैवाहिक जीवन को नुकसान पहुंचाया गया। उसने पत्नी द्वारा बिना वैधानिक तलाक के दूसरी शादी किए जाने का आरोप लगाते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
आरोप है कि उसे भोजन, अनाज और अपने हिस्से की संपत्ति से वंचित किया जा रहा है तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उसने पूर्व में पुलिस और क्षेत्राधिकारी स्तर से लगाई गई रिपोर्ट की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा कथित गलत रिपोर्ट लगाने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। धनजी का आरोप है कि विरोध करने पर उसे जेल भेजने की धमकी दी जाती है और दूसरे पक्ष को संरक्षण दिया जा रहा है।
10 लाख रुपये और जमीन का हिस्सा देने की मांग
धनजी वर्मा ने जीवन-यापन के लिए अपने हिस्से की जमीन और भोजन-अनाज उपलब्ध कराने, कथित दूसरी शादी के मामले की जांच, पूर्व समझौते के अनुसार शादी का खर्च दिलाने तथा पूर्व में दर्ज प्राथमिकी में नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा उसने खुद को हुए नुकसान का मुआवजा देने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने जैसी परिस्थितियां पैदा किए जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज करने की मांग भी रखी है।
उसकी अंतिम मांग 10 लाख रुपये और जमीन में उसका हिस्सा दिए जाने की है। धनजी का कहना है कि यदि उसे यह राशि और जीवन-यापन के लिए उसका हिस्सा मिल जाता है तो वह अपने मुकदमों में नियमानुसार सुलह करने को तैयार है। उसने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।