जनपद में सरकारी स्कूलों में पढ़ाई की हालत ठीक करने के तमाम प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन कुछ खास सफलता नहीं मिल रही है। कारण है स्कूल प्रबंधन की लापरवाही और अधिकारियों का ढुलमुल रवैया। अब तो स्कूल एक कदम और आगे निकल गए हैं, स्कूल में पढ़ने आए बच्चों से मजदूरी भी कराई जाने लगी है। ऐसा ही मामला सामने आया है वाराणसी के राजातालाब क्षेत्र के सरदार पटेल इंटर कॉलेज बढ़ैनी में। यहां स्कूल में पढ़ने आए बच्चों को गिट्टी समेटने और ढोने के काम में लगा दिया गया।
सरदार पटेल इंटर कॉलेज बढ़ैनी में शनिवार को विद्यालय पहुंचे जूनियर हाईस्कूल के छात्र विद्यालय निर्माण में लग रहे। कक्षा छोड़कर छात्र गिट्टियां ढोने और समेटने का काम करने लगे। काफी संख्या में छात्र यहां विद्यालय बनने के लिए गिराई गई गिट्टी ढोते नजर आए। थोड़ी ही देर में गिट्टी ढोते बच्चों का फोटो और वीडियो वायरल हो गया। इस घटना के बारे में क्षेत्र में चर्चा होने लगी। इस बाबत विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालय में निर्माण का मामूली कार्य था, जिसमें बच्चे खुद ही लग गए थे।
असवारी गांव के प्राथमिक व जूनियर हाई स्कूल में भी प्रबंधन की लापरवाही का मामला सामने आया है। विद्यालय के बच्चे दोपहर में विद्यालय छोड़कर बगल के तालाब में मछली पकड़ने पहुंच गए। इस बात की जानकारी न तो शिक्षकों को हो पाई और नहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य को।
गांव के कुछ लोगों ने जब स्कूली ड्रेस में बच्चों को मछली पकड़ते देखा तो इसकी शिकायत प्रधानाचार्य से की और राजातालाब के उप जिलाधिकारी तथा बेसिक शिक्षा अधिकारी को भी मामले से अवगत कराया गया। उप जिलाधिकारी राजातालाब ने मामले का संज्ञान लिया है और पूरे प्रकरण की जानकारी विद्यालय से मांगी है। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने भी इस बारे में प्रधानाचार्य से आख्या तलब की है।