वाराणसी। शारदीय नवरात्र के बीच काशी में गरबा और डांडिया आयोजनों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बजरंग दल काशी ने शहर के कई लॉन और क्लब के बाहर गैर सनातनी प्रवेश वर्जित के पोस्टर लगाए हैं। संगठन ने आयोजकों को चेतावनी दी है कि किसी अप्रिय घटना की स्थिति में आयोजक, प्रशासन और संबंधित व्यक्ति जिम्मेदार होंगे।
बजरंग दल काशी क्षेत्र प्रमुख निखिल त्रिपाठी रुद्र ने आरोप लगाया कि गरबा मां जगदंबा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने वाला सांस्कृतिक आयोजन है। इन आयोजनों में गैर सनातनी लोगों के पहुंचने और नशाखोरी की शिकायतें सामने आती रही हैं। संगठन की ओर से पुलिस आयुक्त को ज्ञापन देकर गरबा-डांडिया आयोजनों में विशेष निगरानी की मांग भी की गई है।
निखिल त्रिपाठी के मुताबिक, आयोजन स्थलों के बाहर बजरंग दल के कार्यकर्ता लोगों के आधार कार्ड की जांच करेंगे। तिलक और कलावा लगाए होने के आधार पर सनातन धर्म से जुड़े लोगों को प्रवेश देने की बात कही गई है। संगठन ने आयोजकों और प्रशासन को भी चेतावनी दी है। पोस्टर में किसी अप्रिय घटना की स्थिति में आयोजक, प्रशासन और संबंधित व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराने की बात कही गई है।