वाराणसी। कई जिलों में बृहस्पतिवार को भी मौसम खराब रहा। इस कारण छह विमान देरी से वाराणसी पहुंचे और रवाना हुए। कोई विमान 15 मिनट तो कोई डेढ़ घंटे की देरी से आया और गया। लेट होने वाले विमानों में मुंबई-वाराणसी-मुंबई का स्पाइसजेट विमान एक घंटा 31 मिनट की देरी से पहुंचा। स्पाइसजेट का पुणे-वाराणसी-पुणे विमान भी एक घंटा 25 मिनट की देरी से आया और गया।
इसी तरह इंडिगो का बंगलूरू-वाराणसी-बंगलूरू विमान 15 मिनट, एयर इंडिया एक्सप्रेस का बंगलूरू-वाराणसी-बंगलूरू विमान एक घंटा 56 मिनट, इंडिगो का मुंबई-वाराणसी-मुंबई विमान 15 मिनट और इंडिगो का दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली विमान करीब आधे घंटे की देरी से पहुंचा और रवाना हुआ। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार मौसम खराब होने के कारण विमानों के आवागमन में देरी हुई। हालांकि, इस दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका पूरा ध्यान रखा गया। ब्यूरो