भदोही में बैंक ऑफ बड़ौदा की औराई शाखा में तैनात क्लर्क ने पत्नी की तकिया से मुंह दबा कर हत्या कर दी और फरार हो गया। चार दिन बाद सोमवार को पुलिस ने ताला तोड़कर शव बरामद किया। मृतका के भाई की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
गोपीगंज थानाक्षेत्र के बिहसपुर राधास्वामी धाम निवासी पंचलाल मौर्य की बेटी गीता देवी की शादी भदोही कोतवाली क्षेत्र के पिपरी गांव निवासी मदन लाल मौर्य के साथ हुई थी। मदन बैंक ऑफ बड़ौदा की औराई शाखा में बाबू है। वह औराई में ही किराए का कमरा लेकर पत्नी गीता के साथ रहता था।
पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह के मुताबिक पति ने मृतका के भाई प्रदीप मौर्य को सोमवार को दोपहर करीब पौने दो बजे फोन कर कहा कि मुझसे बड़ी गलती हो गई है। मैंने तुम्हारी बहन का कत्ल कर दिया है। शव कमरे में पड़ा है। तुम जाकर उसका अंतिम संस्कार कर दो। इसके बाद भाई ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ताला तोड़कर देखा तो कमरे में गीता की लाश मिली। घटना चार दिन पुरानी होने के कारण शव पूरी तरह खराब हो गया था और उससे तेज बदबू आ रही थी। मृतका के दोनों हाथ बेड से बंधे थे। तकिया उसके मुंह पर रखा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।