प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र में अबकी मजदूर दिवस पर पैडल रिक्शा चालकों और नाविकों को ई-रिक्शा और ईको फ्रेंडली बोट का तोहफा देंगे। पीएम के आगमन को देखते हुए शहर को सजाने-संवारने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। अस्सी से बाबतपुर तक सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त के लिए एसपीजी के साथ ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों की टीमें लगी हुई हंै। दोपहर में डीरेका मैदान पर भारतीय वायुसेना के हेलीकाप्टर की ट्रायल लैंडिंग भी हुई। सुरक्षा का ग्रैंड रिहर्सल शनिवार को होगा।
लोक निर्माण विभाग की टीम ने बाबतपुर एयरपोर्ट से लेकर अस्सी घाट तक की सड़क को गड्ढामुक्त बना दिया है। कैंट रेलवे स्टेशन से लहरतारा तक की सड़क जहां फ्लाईओवर विस्तार का काम चल रहा है, आनन फानन में उसकी सर्विस रोड तैयार हो गई है। बताया जा रहा है कि मौसम खराब होने की स्थिति में अथवा डीरेका से बाबतपुर लौटने में यदि हेलीकाप्टर के उड़ने में कोई बाधा आती है तो पीएम को सड़क मार्ग से डीरेका से बाबतपुर ले जाया जाएगा। इसे देखते हुए डीरेका से बाबतपुर तक सड़क गड्ढामुक्त बनाने के साथ ही हर मोड़ और कट पर बैरिकेडिंग की जा रही है। पीएम डीरेका में पैडल रिक्शा चालकों को ई-रिक्शा वहीं अस्सी घाट पर मांझी समाज को ई बोट बांटेंगे।
पीएम आगमन को देखते हुए नगर निगम ने शहर को चमकाने में अपनी ताकत झोंक दी है। सफाई कर्मियों की टीम पूरे दिन लहरतारा से सामने घाट स्थित ज्ञान प्रवाह तक सड़कों की सफाई में जुटी रही। कड़ी धूप में सफाईकर्मी झाड़ू लगाते और कूड़ा उठाते रहे। डिवाइडर से सटी धूल को बाकायदा मशीन की मदद से साफ किया गया। उधर, लहरतारा रेलवे ओवरब्रिज और ककरमत्ता ओवरब्रिज समेत पूरे रास्ते की स्ट्रीट लाइटें भी दुरुस्त की गईं। जगह-जगह अतिक्रमण हटवाए गए। लहरतारा पुल के समीप माल गोदाम के पास नई सर्विस रोड भी बना दी गई।
पहली मई को पीएम के आगमन से जुड़ी तैयारियों को जल्द से जल्द मुकम्मल करने के लिए जिलाधिकारी राजमणि यादव ने 55 मजिस्ट्रेटों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं। बाबतपुर एयरपोर्ट, डीरेका, ज्ञान प्रवाह और अस्सी घाट पर ये मजिस्ट्रेट अपनी जिम्मेदारियां संभालेंगे। संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर तैयारियां पूरी कराएंगे। कहीं, किसी भी स्तर पर चूक या शिथिलता पाए जाने पर तत्काल उसकी रिपोर्ट डीएम को देंगे। शुक्रवार को तैयारियों की समीक्षा करते हुए डीएम ने विद्युत सुरक्षा पर विशेष जोर दिया। बिजली विभाग के अभियंताओं को हिदायत दी कि पीएम के कार्यक्रम स्थलों पर तत्काल विद्युत सुरक्षा से जुड़े सभी बिंदुओं की जांच कर उसकी रिपोर्ट एडीएम सिटी कार्यालय को दें। तैयारी हर स्तर पर पूरी तरह दुरुस्त होनी चाहिए। बताया कि ड्यूटी पर तैनात तकरीबन 2500 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को एडीएम सिटी ड्यूटी पास जारी करेंगे।