अध्यात्म, संस्कृति और आधुनिक तकनीक का अद्भुत संगम अब बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर देखने को मिलेगा। करीब 2,869.65 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा नया टर्मिनल भवन केवल एक आधुनिक एयरपोर्ट नहीं होगा, बल्कि 7-स्टार सुविधाओं से लैस देश का पहला हरित (ग्रीन) एयरपोर्ट टर्मिनल होगा। यहां पहुंचते ही यात्रियों को काशी की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का अनुभव होगा।
नए टर्मिनल भवन की वास्तुकला पूरी तरह काशी की पहचान को केंद्र में रखकर तैयार की जा रही है। प्रवेश द्वार से लेकर प्रतीक्षालय (लाउंज) तक हर हिस्से में वाराणसी के प्रसिद्ध घाटों, अर्धचंद्राकार बहती गंगा और प्राचीन मंदिरों की स्थापत्य कला की झलक दिखाई देगी। इससे देश-विदेश से आने वाले यात्रियों को एयरपोर्ट पर उतरते ही काशी की सांस्कृतिक पहचान का एहसास होगा।