मिर्जापुर जिले के तिवारीपुर गांव के सामने रेलवे लाइन के बगल में युवक का शव क्षत-विक्षत हालत में पाया गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक वाराणसी जिले के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र का निवासी था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि युवक की मौत ट्रेन से कटने से हुई है।
वाराणसी जिले के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रामसिंहपुर निवासी अरविंद मौर्य (23) का शव तिवारी गांव के सामने रेलवे ट्रक के बगल में सुबह पड़ा था। अरविंद बी.कॉम का छात्र था और बचपन से अपने ननिहाल रामसिंहपुर में रहता था। वह मूल रूप से वह भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र के गम्हरिया बाजार का रहने वाला था।
अरविंद के पिता सिद्धनाथ मौर्य का कहना है कि उनका बेटा शाम को चार बजे वाराणसी से पढ़ कर लौटा था। उसी समय नाना लालचंद मौर्य ने खेत पर रखवाली के लिए भेज दिया था। कुछ देर बाद जब लालचंद खेत पर पहुंचे तो अरविंद वहां नहीं था। लालचंद ने सोचा कि वह अपने मित्रों के साथ कहीं चला गया होगा। फिर वह खेत पर ही सो गए।
सुबह तक अरविंद घर नहीं लौटा तो उसके पिता सिद्धनाथ खोजबीन करने लगे। इसी बीच गांव के लोगों ने बताया कि लच्छापुर और रामचंद्रपुर गांव के बीच में रेल पटरी के पास एक लाश पड़ी है। परिवार के लोग तत्काल वहां पहुंचे तो देखा कि अरविंद की लाश थी। उसके पीठ पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। इस पर परिजनों ने हत्या कर लाश फेंकने का आरोप लगाया है।