जाम खुलवाने पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने किया पथराव
- फोटो : अमर उजाला
जौनपुर और आजमगढ़ जिले की सीमा पर स्थित एक गांव के पास रविवार को कार से कुचलकर बाइक सवार शिक्षक की मौत हो गई। ग्रामीणों ने मुआवजा और ब्रेकर बनवाने की मांग को लेकर दीदारगंज-खेतासराय मार्ग को जाम कर दिया।
सूचना पर जौनपुर और आजमगढ़ जिले की पुलिस पहुंची तो ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इसमें एक दरोगा और दो सिपाही घायल हो गए। बाद में एसपी ग्रामीण पुुलिस और पीएसी लेकर मौके पर पहुंचे, तो मामला शांत हुआ।
एसडीएम मार्टीनगंज और खेतसराय के संयुक्त आश्वासन पर करीब ढाई घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। इस दौरान दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगी थी। दीदारगंज थाना क्षेत्र के सुघरपुर गांव निवासी अशोक गौतम (35) पुत्र राजाराम शिक्षक था।
वह अपना गन्ना पड़ोसी जिला जौनपुर के खेतासराय थाना क्षेत्र के भदैइला गांव में रविवार को गन्ना पेरकर गुड़ बनाने जा रहा था। बाइक चलाते समय हेलमेट नहीं लगाया था। वह जैसे ही गांव के बाहर निकला कि तभी सामने से आ रही अनियंत्रित कार बाइक में टक्कर मारते हुए गड्ढे में पलट गई।
इसमें अशोक गंभीर रुप से घायल हो गया। जबकि कार में सवार लोग बच गए। लोग अशोक को जिला अस्पताल जौनपुर ले गए। जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। अशोक की मौत होने की सूचना पर गांव के लोग क्षेत्र के 12 प्रमुख स्थानों पर ब्रेकर और 25 लाख रुपये मुआवजा की मांग करते हुए दीदारगंज-खेतासराय मार्ग जाम कर दिया।
अधिकारियों से बातचीत के दौरान मची भगदड़
जाम खुलवाने पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने किया पथराव
- फोटो : अमर उजाला
जाम लगने की सूचना पर आजमगढ़ और जौनपुर की पुलिस के अलावा एसडीएम मार्टीनगंज और शाहगंज भी पहुंच गए। वार्ता के दौरान ही अधिकारियों के किसी बात से नाराज होकर ग्रामीण पथराव करने लगे। जिससे भगदड़ मच गई।
चोट लगने से खेतासराय थाने पर तैनात दरोगा कृष्ण कुमार गुप्ता, सिपाही वीरेंद्र कुमार और दीदारगंज थाने के सिपाही वंशराज घायल हो गए। इनका स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा। उधर मौके पर हंगामे का क्रम चल ही रहा था कि तभी एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह पुलिस और पीएसी लेकर पहुंच गए। भारी संख्या में फोर्स पहुंचने पर मामला शांत हुआ।
लोगों की मांग को स्वीकार करते हुए एसडीएम मार्टीनगंज इंद्रभान तिवारी और खेतासराय जयनरायन सचान ने संयुक्त रुप से मांग को मानते हुए आश्वासन दिया और ढाई घंटे बाद जाम समाप्त हो गया। अशोक गौतम तीन बेटा और दो बेटियों का पिता था।
उसकी मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है। मामले में आजमगढ़ एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि घटना स्थल और चक्का जाम जौनपुर जिले की सीमा में हुआ, इसलिए इस संबंध में जौनपुर जिले की खेतासराय थाने में ही केस दर्ज कराकर कार्रवाई की जाएगी।