फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आजमगढ़: शिवपाल यादव का सरकार पर हमला; बोले- लेखपाल से उच्च अधिकारी तक भ्रष्टाचार में लिप्त

Sun, 25 Oct 2026 07:26 PM IST
किशन चौबे संवाद न्यूज एजेंसी, आजमगढ़

सार

अहरौला के हासा मतलूबपुर में आयोजित दंगल प्रतियोगिता में पहुंचे सपा महासचिव शिवपाल यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, किसान और नौजवानों के मुद्दे पर हमला बोला। उन्होंने सपा सरकार के काम गिनाते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में खेल और कुश्ती को बढ़ावा देने की बात कही।
विज्ञापन
संभल के बबराला में संबोधित करते सपा नेता शिवपाल यादव - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने रविवार को भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आजमगढ़ के अहरौला में कहा कि वर्तमान सरकार में लेखपाल से लेकर तहसीलदार और उच्च अधिकारी तक भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की किसी मंत्री, विधायक या संगठन के पदाधिकारी में हिम्मत नहीं है। उन्होंने दावा किया कि सपा सरकार में पार्टी के जिलाध्यक्ष की डीएम से भी ज्यादा चलती थी और उनके फोन करने पर अधिकारी गलत काम करने की हिम्मत नहीं करते थे।

विज्ञापन


शिवपाल यादव अहरौला क्षेत्र के हासा मतलूबपुर गांव निवासी पूर्व ब्लाक प्रमुख विजय बहादुर यादव की पुण्यतिथि पर आयोजित दंगल प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। उन्होंने सबसे पहले विजय बहादुर यादव के चित्र पर धूप-दीप जलाकर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद अखाड़े का फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने पहलवानों से परिचय प्राप्त कर अयोध्या के रमन और फिरोजाबाद के नीरज पहलवान की कुश्ती भी शुरू कराई। आयोजक विकास यादव बबलू ने शिवपाल यादव को गदा, स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।

विज्ञापन
Trending Videos
विज्ञापन

सपा सरकार के काम गिनाए
करीब 11 मिनट के संबोधन में शिवपाल यादव ने भाजपा सरकार की नीतियों के साथ किसानों और नौजवानों की समस्याओं पर बात की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 की सपा सरकार और उससे पहले मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व वाली सरकारों में कई महत्वपूर्ण काम किए गए थे। उनकी सरकार में प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्टेडियम बनाने के लिए आदेश जारी किया गया था। किसानों के हित में भी कई बेहतर काम किए गए थे।

उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में कुश्ती प्रतियोगिताओं के घटते चलन पर चिंता जताई। कहा कि गांवों में दंगल की पुरानी परंपरा को बचाए रखने की जरूरत है। इससे युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहन मिलता है और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है।

भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
शिवपाल यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में अंग्रेजी हुकूमत से भी ज्यादा क्रूरता दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि किसानों और नौजवानों की समस्याओं पर सरकार को गंभीरता से काम करना चाहिए। भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगाने की जरूरत है, लेकिन सरकार के स्तर पर इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है।

विधायक डॉ. संग्राम यादव ने कहा कि उनकी पार्टी देश की सत्ता में बैठी सांप्रदायिक ताकतों से लड़ रही है। उन्होंने भाजपा सरकार पर नौजवानों और किसानों का भविष्य चौपट करने तथा बाबा साहब के संविधान को खत्म करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने पीडीए का अर्थ बताते हुए पार्टी का पक्ष रखा और भाजपा सरकार पर हमला बोला।

20 से अधिक जोड़ियों ने दिखाए दांव-पेच
दंगल प्रतियोगिता में 20 से अधिक जोड़ियों के पहलवानों ने अपने दांव-पेच आजमाए। अयोध्या के आशीष, अभिमन्यु, हाथरस के शिवा, फिरोजाबाद के विक्रम, अरविंद, भोला और नीरज, गाजीपुर के रितेश यादव, मऊ के जितेंद्र तथा कानपुर की खुशी पहलवान सहित कई पहलवानों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।

बिहार के राजा यादव टार्जन युवाओं के आकर्षण का केंद्र रहे। कुश्ती में रेफरी की भूमिका विवेक सिंह ने निभाई, जबकि संचालन पहलवान पवन सिंह ने किया। देर शाम तक मुकाबले चलते रहे। विजेता पहलवानों को पुरस्कार और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

इस मौके पर विधायक अखिलेश यादव, नफीस अहमद, पूर्व विधायक सुभाष राय, पहलवान संजय सिंह, राम पलट गुप्ता, प्रभुदीन यादव, प्रमुख चंद्रशेखर यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें