आजमगढ़ जिले में कोरोना का संक्रमण फैलाने के मुख्य वाहक माने जा रहे तीनों कोरोना पॉजिटिव की दूसरी जांच रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। बृहस्पतिवार को इनका तीसरा सेंपल जांच के लिए भेजा जाएगा। तीसरा सैंपल ही निगेटिव आने पर तीनों पॉजिटिव मरीज कोरोना मुक्त माने जाएंगे। वहीं, चौथे करोना पॉजिटिव मरीज का दूसरा सैंपल भी बृहस्पतिवार को जांच के लिए भेजा जाएगा।
दिल्ली मरकज से लौटे लोगों की तलाशी के दौरान 30 मार्च को 24 लोग मुबारकपुर क्षेत्र से पकड़े गए थे। इसमें 17 लोग बाहरी जमाती थे। इसमें सात को राजकीय मेडिकल कालेज लाकर क्वारंटीन किया गया और सैंपल जांच के लिए भेज दिया गया था। एक अप्रैल को इनकी रिपोर्ट आयी तो जिले में कोरोना को लेकर हड़कंप मच गया। चकसिखटी मस्जिद से पकड़े गये तीन बाहरी लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसमें एक आंध्र प्रदेश, एक तेलंगाना व एक गाजियाबाद का रहने वाला था।
तीनों को तत्काल राजकीय मेडिकल कालेज के आईसोलेशन वार्ड में रख कर इलाज शुरू किया गया। तीन दिन बाद तीनों की दूसरा सेंपल जांच के लिए भेजा गया। इसकी रिपोर्ट बुधवार को आ गई। तीनों की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जो जिले के लिए राहत की खबर है। सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि तीनों पॉजिटिव मरीजों की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। अभी हम इन्हें निगेटिव नहीं मान सकते है। गुरुवार को पुन: तीनों का सेंपल जांच के लिए भेजा जाएगा। तीसरी रिपोर्ट भी जब निगेटिव आ जाएगी तभी हम इन्हें निगेटिव मान सकते है।