काशी की बेटी सोनी चौरसिया श्रीराम मंदिर दर्शन के लिए काशी से रवाना हो गई है। आरएसएस के आमत्रंण पर कथक नृत्यांगना सोनी ने बाबा विश्वनाथ मंदिर में दर्शन- पूजन किया और स्केटिंग करते हुए अयोध्या के लिए रवाना हुईं। वह 20 जनवरी को अयोध्या धाम पहुंचेंगी।
कत्थक नृत्यांगना और स्केटर सोनी चौरसिया श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने के लिए बुधवार को स्केटिंग करते हुए काशी से अयोध्या के लिए रवाना हुईं। उन्होंने श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन किया। मेयर अशोक तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर उनको रवाना किया। सोनी चार सदस्यों के साथ बदलापुर, जौनपुर, सुल्तानपुर होते हुए 20 जनवरी को अयोध्या धाम पहुंचेगी।
विज्ञापन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने सोनी को प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने के लिए पूजित अक्षत और प्रभु श्रीराम का चित्र और निमंत्रण पत्र दिया था। उन्होंने सुबह बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद जिला प्रशासन के अधिकारी और मेयर ने सोनी का हौसला बढ़ाते हुए अयोध्या के लिए रवाना किया।
सोनी ने कहा कि प्रभु श्रीराम मंदिर से मुझे बुलावा आया तो मैंने सोच लिया कि स्केटिंग के जरिए ही प्रभु श्रीराम के श्रीचरण में पहुंचूंगी। बाबा का आशीर्वाद लेकर जा रही हूं। 20 जनवरी तक पहुंच जाऊंगी। विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर चार पर उनका हौसला बढ़ाने के लिए उनके परिवार के अलावा काफी लोग मौजूद रहे।