बच्चों के लिए गुब्बारा खरीद कर घर जा रहा था ड्राइवर कि तभी घटी घटना।
वाराणसी के चांदपुर में सोमवार की शाम सरिया लादे ट्रक से ऑटो जा टकराया। हादसे में ऑटो चालक बलिया निवासी बाबू (35) को गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां हालत नाजुक बताई गई है।
हादसे को लेकर इलाकाई लोगों में खासी नाराजगी दिखी। सभी का कहना था कि हादसे की वजह सड़क और पटरी पर अतिक्रमण कर बेतरतीब तरीके से मालवाहकों का खड़ा किया जाना है। चांदपुर से बच्चों के लिए गुब्बारा खरीद कर बाबू ऑटो लेकर घर जा रहा था।
गुब्बारा हाथ से छूटने पर बाबू ने पीछे मुड़कर देखा तो ऑटो अनियंत्रित होकर सरिया लदे ट्रक से जा टकराया। हादसे में सरिया ऑटो का आगे का शीशा तोड़ते हुए बाबू के सिर से जा टकराया। आसपास मौजूद लोगों की मदद से बाबू को अस्पताल भिजवाया गया।
घटना को लेकर इलाकाई लोगों ने पुलिस पर खासी नाराजगी जताई। कहना था कि पुलिस ध्यान नहीं देती जिसकी वजह से चांदपुर, महेशपुर, बौलिया और शिवदासपुर में सड़क और पटरियों पर बेेतरतीब तरीके से मालवाहक खड़े रहते हैं।
इसके चलते आए दिन हादसा होता रहता है। मगर, सड़क और पटरियों पर बगैर काम के ही खड़े रहने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ पुलिस कभी कार्रवाई नहीं करती।