वाराणसी में पुलिस उत्पीड़न के खिलाफ मंगलवार को जिले भर के ऑटो चालक हड़ताल पर रहे। सुबह से ही ऑटो सड़कों पर नहीं आए, जिससे यात्रियों को मुसीबत झेलनी पड़ी। कई जगहों पर ऑटो चालक अराजक हो गए और लाठी डंडे लेकर सड़कों पर आ गए।
सवारियों को लेकर जा रहे ऑटो और ई रिक्शा रुकवा दिए। इनमें बैठी सवारियों को भी सड़कों पर उतार दिया गया। जगह-जगह ऑटो के इंतजार में लोग घंटों तक सड़कों पर ही रहे। हालांकि परिवहन निगम ने शहर में छह सिटी बसों का संचालन किया था, मगर इससे लोगों को राहत नहीं मिली।
दी ऑटो रिक्शा वेलफेयर सोसाइटी के बैनर तले मंगलवार सुबह से ही ऑटो चालकों ने हड़ताल की। ऑटो नहीं मिलने के कारण लोग परेशान रहे। सबसे ज्यादा मुसीबत चांदपुर, कैंट स्टेशन, कैंट रोडवेज अड्डा, मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन, सुंदरपुर चौराहा, लंका चौराहा, काशी स्टेशन सहित शहर के प्रमुख चौराहों व सड़कों पर रही।
यहां सवारियों की भीड़ देखी गई। जिले भर के 46 रूटों पर ऑटो संचालन नहीं होने से लोगों पैदल भी चलना पड़ा। इससे पहले ऑटो चालक सुबह नदेसर स्थित विवेकानंद प्रतिमा पर एकत्र हुए और अलग-अलग क्षेत्रों में हड़ताल को सफल बनाने के लिए निकले।