बनारस के लंका से एटीएम कैश वैन से 26.50 लाख रुपये उड़ाने वाले गिरोह के मास्टर माइंड अरुण कुमार वी को आंध्रप्रदेश के तिरुपति से गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही अरुण के बैंक खाते में जमा किए गए सात लाख तीस हजार दो सौ रुपये को फ्रीज करा दिया गया है। अरुण को शुक्रवार को जेल भेज दिया गया।
10 अप्रैल की शाम लंका स्थित यूनियन बैंक के एटीएम के सामने खड़ी कैश वैन से दो बदमाश 26.50 लाख रुपये भरा बॉक्स लेकर भाग निकले थे। पुलिस ने मुगलसराय से तीन आरोपियों को 10 अप्रैल की रात ही साढ़े नौ लाख रुपये के साथ गिरफ्तार कर 11 अप्रैल को जेल भेजा था।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया था कि उनके गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ सरगना अरुण बनारस स्थित होटल में ठहरा है और कैश वैन से उड़ाए गए रुपये अपने बैंक खाते में जमा करेगा।
एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज ने बताया कि गिरफ्त में आए आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह और एसपी क्राइम ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद के नेतृत्व में टीम गठित कर शहर के होटलों की चेकिंग शुरू कराई गई। साथ ही, बैंकों से पूछा गया कि 11 अप्रैल के बाद किसी दक्षिण भारतीय ने यदि अपने खाते में अच्छीखासी रकम जमा की हो तो जानकारी दें।