पूर्वांचल में चुनावी घमासान तेज हो गया है। सभी दलों के नेताओं ने एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप और जवाबी हमले शुरू कर दिए। भाजपा ने मुकाबले के लिए पूरी फौज उतार दी है।
भाजपा की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, नरेंद्र सिंह तोमर, कलराज सिंह और साध्वी निरंजना ने मोर्चा संभाला तो बसपा की ओर से राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी और महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने जवाबी हमले किए।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बलिया में कहा कि राहुल बाबा चिल्लाकर कहते हैं कि मोदी जी ढाई साल का हिसाब दीजिए। जबकि उनका परिवार 60 साल तक सत्ता में रहा लेकिन आज तक किसी को हिसाब नहीं दिया।
आजमगढ़ और बलिया में केंद्रीय परिवहन एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि विकास की बात कहकर राहुल और अखिलेश युवाओं को ठग रहे हैं। आजमगढ़ और बलिया में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा सांपनाथ है तो बसपा नागनाथ है।
साइकिल पंक्चर हो गई है और हाथी बेहोश है।
सोनभद्र में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि कांग्रेस से गठबंधन कर सपा ने बता दिया है कि वह घोटालेबाजों से सांठगांठ करने वाली पार्टी है।
आजमगढ़ में भाजपा के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रभारी ओम माथुर ने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कहते हैं कि काम बोल रहा है, अगर ऐसा है तो उन्होंने कांग्रेस का सहारा क्यों लिया।