वाराणसी एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे।
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे रविवार को वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए राहुल गांधी पर हमला बोला।
लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचते ही उनके समर्थकों ने उन्हें फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। पत्रकारों द्वारा राहुल गांधी के बयान 'नफरत और झूठ के बल पर चुनाव जीतने' के सवाल पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि यह बात तो उनको मालूम हो गई है कि भारतीय जनता पार्टी ने कैसे चुनाव जीता है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जो चुनाव हुआ है और अजेय बहुमत मिला है। उसके लिए पीएम मोदी ने पिछले पांच सालों में देश को उन्नत बनाने का, देश को खुशहाल बनाने का, देश के गरीबों का कल्याण करने का काम किया है। यह देखकर जनता ने भाजपा को वोट दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इन पांच सालों के नेतृत्व में देश को अच्छा भारत बनाने का जो संकल्प है, अब देश को सजाने और संवारने का दिन आ गया है। केंद्रीय मंत्री ने बंगाल में अराजकता, जय श्री राम के नारे को लेकर और राहुल गांधी के बयान पर कहा कि भगवान राहुल गांधी को और सद्बुद्धि दें।