उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक उन्नति शिक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता से संभव है। इसी उद्देश्य से अनुसूचित समाज के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति, श्रेष्ठा योजना और राष्ट्रीय फेलोशिप सहित विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनका उद्देश्य आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियों के कारण प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की शिक्षा में आने वाली बाधाओं को दूर करना और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि हमारी जिम्मेदारी यह है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति और परिवार तक पहुंचे। इसके लिए गांव, बस्ती और मोहल्लों में संपर्क कर लोगों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और सुविधाओं की जानकारी देनी होगी। योजनाओं का लाभ लेने में आने वाली समस्याओं के समाधान में भी कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएं। अनुसूचित समाज की समस्याओं को समझकर उनकी आवाज संगठन और शासन तक पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।