लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर वाराणसी कमिश्नरेट यातायात पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। शहर में उमड़ने वाली भारी भीड़ और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस ने रविवार और सोमवार के लिए ट्रैफिक डायवर्जन और नो-इन्ट्री प्लान लागू किया है। एडीसीपी अंशुमान मिश्रा ने बताया कि गोदौलिया और दशाश्वमेध क्षेत्र में रूट डायवर्जन है। रामापुरा, बेनिया, मैदागिन, गोदौलिया और सोनारपुरा तिराहे से प्रमुख घाटों की तरफ सामान्य वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए सनातन धर्म इंटर कॉलेज, बेनिया पार्किंग, टाउनहॉल और हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है। अस्सी और भदऊ चुंगी क्षेत्र में भी डायवर्जन है। बैंक ऑफ बड़ौदा तिराहे से अस्सी चौराहे की ओर जाने वाले वाहनों को रवींद्रपुरी की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, भदऊ चुंगी और राजघाट पुल तिराहे से भैंसासुर घाट व नमो घाट जाने वाले वाहनों को काशी स्टेशन पानी टंकी मैदान पार्किंग की ओर भेजा जाएगा।