चोलापुर। आईसीएमआर, एनएचएम और सीईएल के संयुक्त तत्वावधान में बृहस्पतिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आशा-संगिनी संघ सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं में संगिनी कार्यकर्ताओं को उनके कार्यों और जिम्मेदारियों को बताया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एच. सी. मौर्या, चिकित्सा अधीक्षक चोलापुर डॉ. आर बी यादव, चिकित्सा अधीक्षक चिरईगांव डॉ. मनोज वर्मा, शिखा श्रीवास्तव और सीईएल के संस्थापक (निदेशक) और वैश्विक स्वास्थ्य वैज्ञानिक डॉ. विश्वजीत कुमार ने दीप प्रज्ज्वलन किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अन्य ब्लाॅकों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान आशा और संगिनी कार्यकर्ताओं ने अपने क्षेत्र आधारित अनुभव साझा किए। मुख्य अतिथि डॉ. संदीप चौधरी ने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि संकल्प काशी जैसी महत्वपूर्ण पहल हमारे वाराणसी से संचालित हो रही है जो पूरे प्रदेश के लिए आने वाले समय में एक मिसाल सिद्ध होगी। हमारी संगिनी और आशाएं निश्चित रूप से और सशक्त होंगी। चिकित्सा अधीक्षक चोलापुर डॉ. आर. बी. यादव ने कहा कि आशा और संगिनी कार्यकर्ता स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था की रीढ़ हैं। इनके समर्पण से ही मातृ और शिशु स्वास्थ्य में सतत सुधार संभव हो सका है। इससे पूर्व संकल्प टीम ने चोलापुर सीएचसी से ब्यूटीफुल बर्थ का शुभारंभ किया।