वाराणसी। जिले में विधानसभा चुनाव के सातवें चरण के तहत सुबह मतदान शुरू होते ही केंद्रों पर मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। हालांकि सुबह 9 बजे तक मतदान करने की रफ्तार थोड़ी धीमी रही, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, मतदान प्रतिशत भी बढ़ता गया। सुबह 7 बजे से शाम छह बजे तक चले मतदान में कुल 57 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
शहरी इलाके में शहर दक्षिणी, शहर उत्तरी, कैं ट विधानसभा क्षेत्र के साथ ही शहरी सीमा से सटे रोहनिया, शिवपुर विधानसभा क्षेत्र में केंद्रों पर लोग पूरे उत्साह के साथ वोट करने पहुंचे। कुछ इसी तरह का दृश्य अजगरा, पिंडरा, सेवापुरी विधानसभा में बने बूथों पर भी देखने को मिला। कहीं मां अपने बेटे-बहु को लेकर पहुंची तो कहीं पति-पत्नी ने अपना मतदान डाला। इस बीच ग्रामीण इलाकों में कई बूथो पर सन्नाटे जैसा माहौल देखने को मिला। शिवपुर विधानसभा के प्राथमिक विद्यालय गणेशपुर में सुबह 11 बजे केवल आठ से दस मतदाता दिखे तो प्राथमिक विद्यालय चुहुरपुर चिरईगांव में केवल दो ही मतदाता दिखे। यहां सन्नाटे जैसा माहौल दिखा।
दस बजे के बाद दिखी लंबी कतार
सोमवार सुबह सात बजे मतदान शुरू होने के बाद शहरी और ग्रामीण इलाकों में अधिकांश सीटों पर संख्या बहुत कम रही। दस बजे के बाद जिले के मतदान बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतार देखने को मिली। हाथ में वोटर आईडी कार्ड लेकर महिला और पुरुष अलग-अलग लाइन में लगे रहे। बीच में करीब तीन से चार बजे के बीच थोड़ी सी संख्या कम जरूर रही, लेकिन फिर से भीड़ बढ़ गई।
ऐसे बढ़ा मतदान केंद्रों पर मत प्रतिशत
विस क्षेत्र 9 बजे 11 बजे 1 बजे 3 बजे 5 बजे
शहर दक्षिणी 7.12 18.5 32.2 43.63 53.2
शहर उत्तरी 8.45 21.21 34.9 42.52 52.8
कैंट 7.5 18.5 29.6 40.7 48.5
पिंडरा 9.15 22.2 34.2 44.69 53.4
शिवपुर 10.82 21.9 34.8 46.1 55.7
सेवापुरी 10.8 23.06 35.0 46.2 55.3
अजगरा 9.5 23.5 33.78 44.03 52.1
रोहनिया 8.85 21.19 34.5 43.3 52.6
(मतदान के आंकड़े प्रतिशत में )