नोएडा के एक इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ाई करने वाले पुत्र को रुपये भेजने बैंक गई सैनिक की पत्नी बुधवार को उचक्कों का शिकार हो गई।
बैंक में रुपये गिनने में मदद कर एक युवक उनके 31 हजार रुपये लेकर चंपत हो गया। घटना कैंट थाना क्षेत्र स्थित यूनियन बैंक की शाखा की है। पुलिस बैंक की सीसीटीवी फुटेज से उचक्के की तलाश कर रही है।
जम्मू में पाकिस्तान सीमा पर तैनात सीआरपीएफ के जवान रवींद्र नाथ सिंह का परिवार फुलवरिया स्थित डिफेंस कालोनी में रहता है। रवींद्र की पत्नी दुर्गा देवी बुधवार को नोएडा में बीटेक की पढ़ाई कर रहे पुत्र को फीस के अस्सी हजार रुपये भेजने यूनियन बैंक की कैंट क्षेत्र की शाखा पर गईं थीं।
यहां पैन कार्ड न होने के कारण कैशियर ने रुपये जमा करने से इंकार कर दिया। इसी दौरान एक युवक दुर्गा के पास आया। कैशियर द्वारा वापस किए गए रुपये गिनने में उनकी मदद की और उनमें से हजार-हजार के 31 नोट लेकर चंपत हो गया। दुर्गा को जब मामला समझ में आया तो वह फफक कर रो पड़ीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनके बाकी बचे 49 हजार रुपये बैंक में जमा कराए।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
कैंट पुलिस यूनियन बैंक की शाखा की सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई है। फुटेज में महिला के पास बैठे युवक का चेहरा स्पष्ट तौर पर दिख रहा है। फुटेज में एक और युवक दिख रहा है जिसके उचक्के के सहयोगी होने की आशंका जताई जा रही है। सीओ कैंट ने बताया कि युवक को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।