गाजीपुर के पीजी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित सेना भर्ती रैली में दूसरे दिन युवा पूरे जोश के साथ पहुंचे। दूसरे दिन की भर्ती रैली में सोनभद्र जिले के घोरावल, रॉबर्ट्सगंज एवं दुद्धी तहसील तथा मिर्जापुर सदर तहसील की रही। भर्ती के लिए कुल 5049 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था।
इसमें से 2908 अभ्यर्थी शनिवार को दौड़ में शामिल हुए। शारीरिक परीक्षण के दौरान 98 अभ्यर्थी हाइट कम होने से छांट दिए गए। जबकि कुल 2810 युवा दौड़ में शामिल हुए, जिसमें केवल 267 युवा ही सफल हो सके।
सेना भर्ती रैली में दूसरे दिन सोनभद्र और मिर्जापुर जिले के 2908 युवा सुबह साढ़े चार बजे ही ग्राउंड में पहुंच गए। इसमें से हाइट परीक्षण के दौरान 98 लोगों को छांट दिया गया। जबकि 10 फीसदी से कम युवा दौड़ बाधा को पार कर आगे बढ़ सके।
देखा जाए तो पिछले दो दिनों में भर्ती के लिए 5121 युवा अपना भाग्य आजमा चुके हैं, लेकिन इनमें से मात्र 454 युवा की दौड़ निश्चित समय में पूरी कर सके। दौड़ पार करने वाले युवाओं के कागजात चेक करने के बाद अन्य शारीरिक परीक्षाएं भी की जा रही हैं।