वाराणसी के रामरायपुर निवासी थल सेना में कार्यरत मायाशंकर सिंह ने रविवार को सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर नौ माह पूर्व लापता हुई अपनी बेटी मानसी को खोजवाने की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को हरसंभव कोशिश कर मायाशंकर सिंह की बेटी को खोजवाने का निर्देश दिया।
रामरायपुर निवासी मायाशंकर सिंह की कक्षा 11 में पढ़ने वाली बेटी मानसी लगभग नौ माह पूर्व लापता हुई तो अब तक पता नहीं लगा। इससे आजिज आए मायाशंकर सिंह ने आत्मदाह की धमकी दी थी।
कहा था कि उन्हें मुख्यमंत्री से मिलवाया जाए नहीं तो वो आत्मदाह कर लेंगे। आला अधिकारियों के निर्देश पर मायाशंकर सिंह को लेकर लोहता थानाध्यक्ष सर्किट हाउस पहुंचे। मुख्यमंत्री ने मायाशंकर सिंह की समस्या सुनी और उन्हें ढांढस बंधाते हुए पुलिस अधिकारियों को मामले में ठोस कार्रवाई का निर्देश दिया।