सड़कों और मैदानों पर दौड़ का अभ्यास कर रहे युवा
ग्रामीण क्षेत्रों में अग्निवीर भर्ती को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। युवा भोर और शाम के समय सड़कों और मैदानों पर दौड़ और शारीरिक दक्षता की तैयारी करते देखे जा रहे हैं। वहीं इस बार सेना कार्यालय ने दौड़ के अभ्यास के लिए अपना मैदान खोल दिया था, इसमें भी आस-पास के युवा सुबह-शाम दौड़ने पहुंच रहे हैं। जुलाई के अंतिम सप्ताह और अगस्त के पहले सप्ताह में दौड़ होगी।
दूसरों को देखकर कर रहे आवेदन
युवाओं ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले, परिवार के लोगों या गांव के किसी सैनिक की वर्दी और उनका समाज में सम्मान, सेना में शामिल होने की प्रेरणा दे रहा है। इसमें चार साल सेवा देने के बाद जो अनुभव मिलेगा, उससे केंद्र सरकार और राज्य सरकार के विभिन्न पदों पर आवेदन कर नौकरी पा सकते हैं। हमारा प्रयास रहेगा कि चार साल में अच्छा काम करें जिससे आगे के लिए प्रमोट किया हो, क्योंकि 25 प्रतिशत लोगों को प्रमोट किया जाता है।
सुनें इनकी
बीए, बीएससी और बीकॉम, तकनीकी शिक्षा ग्रहण कर रहे युवा भी अग्निवीर के लिए आवेदन कर रहे है। यह एक अच्छा संकेत है। इससे पता चलता है कि अग्निवीर में युवाओं का रुझान बढ़ रहा है। - कर्नल शैलेश कुमार, निदेशक, सेना भर्ती कार्यालय वाराणसी