वाराणसी स्थित संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के नवीन छात्रावास के जीर्णोद्धार के लिए उद्योगपति, समाजसेवी एवं वास्तुविद इंजीनियर आर.सी जैन ने हाथ आगे बढ़ाया है। उन्होंने यह पहल कुलपति प्रो. हरेराम त्रिपाठी की अपील पर की है। बुधवार दोपहर आर.सी जैन ने नवीन छात्रावास का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान कुलपति प्रो. हरेराम त्रिपाठी और कई अधिकारी भी थे।
विज्ञापन
आरसी जैन ने बताया कि बजट तैयार होते ही छात्रावास को संरक्षित करने काम शुरू कर देंगे। कुलपति प्रो. हरेराम त्रिपाठी ने बताया कि प्रसिद्ध उद्योगपति, समाजसेवी एवं वास्तुविद आर. सी जैन ने विश्वनाथ मंदिर निर्माण में अपने स्तर से सहयोग किया है। उन्होंने विश्वविद्यालय को मां सरस्वती का दरबार मानते हुए यहां हर स्तर से सहयोग का संकल्प दोहराया है।
इससे पहले जैन द्वारा विश्वविद्यालय परिसर स्थित प्राचीन पंच मंदिर का जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण किया गया था। बता दें कि पिछले महीने राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने वाराणसी के उद्योगपतियों और सभ्रांत लोगों के साथ बैठक की थी। कहा था कि संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय को जीर्णोद्धार और कायाकल्प कराने की जिम्मेदारी लें।
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. हरेराम त्रिपाठी ने बताया कि प्रसिद्ध उद्योगपतियों, धर्माचार्यों, मठाधीशों, शंकराचार्यों, शिक्षाविदों ,कलाकारों, विधि विशेषज्ञों और दूसरे सक्षम लोगों से इस तरह के सदाचारी सहयोग की अपील करेंगे।