भाजपा के सहयोगी दल अपना दल (एस) के सोनभद्र में दुद्धी से विधायक हरिराम चेरो ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर एक बार फिर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सीएम आदिवासियों की समस्याओं पर गंभीर नहीं हैं। प्रदेश सरकार ने दुद्धी को जिला बनाने का वादा भी पूरा नहीं किया।
बीआरसी परिसर में अनुसूचित जनजाति अधिकारी कर्मचारी की तरफ से शनिवार की शाम आयोजित डॉ भीमराव आंबेडकर जयंती समारोह में चेरो ने कहा कि स्वास्थ्य, बिजली, पानी जैसी मूलभूत समस्यायों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
बेरोजगारी, अवैध खनन जैसी समस्याओं पर भी जिम्मेदारों का ध्यान नहीं है। कहा कि इसको लेकर कई बार मुख्यमंत्री को पत्र लिखा गया। फिर भी आदिवासियों को भूमि का अधिकार नहीं दिया जा रहा है। भूमि संबंधी समस्याएं हल नहीं हो पा रही हैं।
विधानसभा चुनाव में दुद्धी को जिला बनाए जाने का वादा किया गया था। लेकिन अब तक इस पर संजीदगी नहीं दिखाई गई। कहा कि बेरोजगारी को लेकर धारा 51 के तहत विधानसभा में मामला उठाया। मुख्यमंत्री को कई पत्र लिखे, लेकिन हर बार गोल मटोल जवाब देकर मामले को लटकाया जा रहा है।
एक वर्ष पूरा होने के बाद भी दुद्धी क्षेत्र की एक भी प्रमुख समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। खोखा बालू साइड पर पोकलेन का प्रयोग किया जा रहा है। एतरा के बाद भी मशीनों का प्रयोग बंद नहीं किया जा रहा है।
दुद्धी को जिले का दर्जा देने के लिए अविलंब पहल शुरू करने की मांग करते हुए कहा कि अगर दो वर्ष के भीतर दुद्धी को जिले का दर्जा नहीं मिला तो जनता के साथ निर्णायक आंदोलन किया जाएगा।