दिल्ली में केंद्रीय मंत्री के आवास पर हुई बैठक
अपना दल अनुप्रिया गुट के राष्ट्रीय प्रवक्ता ब्रजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मां कृष्णा पटेल से बेटी अनुप्रिया सशर्त समझौते को तैयार हैं। पार्टी को बचाए रखने के लिए अंतिम प्रयास किया जाएगा। पार्टी का तीन सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल कृष्णा पटेल से संपर्क कर समझौते की रूपरेखा पर बातचीत करेगा।
निर्वाचन आयोग के निर्णय पर अनुप्रिया गुट के पदाधिकारियों की आपात बैठक बुधवार को दिल्ली स्थित केंद्रीय मंत्री के आवास पर हुई।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक बैठक में प्रस्ताव बना है कि कृष्णा पटेल पार्टी की अध्यक्ष बनें।
साथ ही, अनुप्रिया पटेल की पूर्व विधानसभा सीट रोहनिया से विधानसभा चुनाव लड़ने का भी प्रस्ताव रखा जाए।
पल्लवी पटेल को पार्टी में किसी भी तरह के हस्तक्षेप की कोई अनुमति नहीं होगी।
यदि कृष्णा पटेल इन प्रस्तावों पर सहमत हो जाती हैं तो अपना दल एकजुट चुनाव लड़ेगा।
सूबे की सियासत में सपा में बाप-बेटे की लड़ाई के बाद अब अपना दल की मां-बेटी की लड़ाई चर्चा में है। दोनों गुटों की ओर से खींचतान जारी है।
रणनीतिकार मान रहे हैं कि यदि दोनों गुट अलग-अलग चुनाव लड़ेंगे तो नुकसान दोनों को ही होगा।
पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने कहा कि चुनावी माहौल बिगाड़ने के लिए विरोधी खेमे के लोग भ्रामक प्रचार कर रहे हैं।
कार्यकर्ता उनसे सचेत रहें। डॉ. सोनेलाल पटेल के आदर्शों पर उनकी पार्टी समर्पित है।
वहीं पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पल्लवी पटेल ने कहा कि अगर तालमेल नहीं हुआ तो पार्टी 150 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।