पूर्वांचल स्वीट्स कप अंडर-12 जिलास्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता सोमवार को हरहुआ के विवेक एकेडमी के मैदान में विवेक सिंह क्रिकेट क्लब और शिवपुर क्रिकेट क्लब ब्लू के बीच खेली गई। विवेक एकेडमी के तेज गेंदबाज अनुराग विश्वकर्मा ने सात ओवर में दो मेडन ओवर डाले इसके साथ ही तीन रन देकर सात विकेट हासिल किए। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। यह मैच विवेक एकेडमी की टीम ने 10 ओवर में ही सभी विकेट लेकर 189 रन से जीत लिया।
टॉस जीतकर विवेक सिंह क्रिकेट क्लब की टीम ने बल्लेबाजी करने का फैसला किया। सलामी बल्लेबाज श्रेयांस सिंह पांच बॉल खेलकर शूून्य के स्कोर पर आउट हो गए। इसके बाद अंश यदुवंशी बल्लेबाजी करने उतरे। रुद्र प्रताप सिंह ने 42 बॉल पर 26 रन और अंश यदुवंशी ने 68 गेंद पर 61 रन के साथ मजबूत साझेदारी की। अंश कैच आउट हुए। इसके बाद अरूण यादव ने 66 गेंद पर ताबड़तोड़ 75 बनाकर टीम को मजबूती दी।
शिवपुर क्रिकेट टीम के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी से छह खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। विवेक एकेडमी की टीम ने 35 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 233 रन बनाए। अतिरिक्त के रूप में 47 रन मिले इसमें 40 वाईड बॉल रही।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी शिवपुर क्रिकेट टीम शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज विराट सिंह पहली गेंद पर बोल्ड हो गए। टीम के संस्कार सिंह ने 14 बॉल पर 18 और किशन यादव ने 8 बॉल पर 16 रन की पारी खेली। टीम के चार खिलाड़ी शून्य के स्कोर पर आउट हुए दो अन्य खिलाड़ी छह रन ही जोड़ सके। विवेक एकेडमी के गेंदबाजों ने तीन एक्स्ट्रा दिए जिसमें दो वाईड बॉल थी। शिवपुर की टीम 10 ओवर में सभी विकेट खोकर 44 रन पर ऑल आउट हो गई। यह मैच विवेक एकेडमी की टीम 179 रन से जीत लिया।