आकस्मिक एवं गहन चिकित्सक सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मिर्जापुर में मंडलीय अस्पताल में शनिवार को कार्डियक केयर यूनिट का लोकार्पण केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने किया। गंभीर मरीजों को अब आसानी से इलाज की सुविधा मिलेगी। मरीजों को इसके लिए वाराणसी और मिर्जापुर नहीं जाना होगा।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि 63 प्रतिशत मृत्यु गैर संचारी रोगों मुख्य रूप से हृदय रोगों, डायबिटीज, कैंसर और पुरानी सांस की बीमारियों के कारण होती है। गैर संचारी रोगों की भयावहता के दृष्टिगत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा सात जनपदों के लिए धनराशि निर्गत की गई है। इसमें सबसे पहले मिर्जापुर में एक करोड़ 50 लाख रुपये से इस कार्डियक केयर यूनिट की स्थापना की जाएगी।
अनुप्रिया पटेल बताया कि इस इकाई के संचालन के लिए प्रतिवर्ष लगभग छह लाख रुपये आपरेशन कास्ट के रूप में सरकार द्वारा प्रदान किया जाएगा। इस इकाई से प्रदान की जाने वाली समस्त सेवाएं नागरिकों के लिए नि:शुल्क होंगी। इसके लिए मरीजों से किसी भी प्रकार का यूजर चार्ज नहीं लिया जाएगा।
सीएमओ डॉ. ओपी तिवारी ने बताया कि हार्ट अटैक (मायोकाड्रिंल इन्फेक्शन) या एंजाईना कोरोनरी धमनियों में थक्का जम जाने के कारण होता है। यह तुरंत दवाओं एवं उपकरणों की सहायता से ठीक कर मरीज के जीवन को बचाया जा सकता है। लेकिन यह दवाएं एक घंटे के अंदर दे दी जाएं तो हृदय की धमनियों में जमे रक्त को हटाया जा सकता है और हृदय की मांस पेशियों को नष्ट होने से बच सकती है।