वाराणसी के सिगरा क्षेत्र में रविवार की केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल के काफिले में शामिल एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। यह कार काफिले में शामिल अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष अजीत पटेल की थी। कार का टायर ब्रस्ट हो गया और वह डिवाइडर से जा टकराई।
घायलों को पुलिस की मदद से उपचार के लिए मलदहिया स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। उनका हाल जानने केंद्रीय मंत्री भी अस्पताल पहुंचीं। हादसे की जानकारी मिलते ही अस्पताल के बाहर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लग गया।
अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष अजीत पटेल ने बताया कि केंद्रीय मंत्री मिर्जापुर में आयोजित कार्यक्रम से बाबतपुर एयरपोर्ट जा रही थीं। आगे एस्कार्ट वाहन चल रहा था। उसके पीछे उनकी ट्रवेरा और सबसे पीछे केंद्रीय मंत्री का वाहन था। फातमान पर ट्रवेरा का टायर ब्रस्ट होने के कारण वह असंतुलित होकर डिवाइडर से जा टकराई।
हादसे में ट्रवेरा सवार अपना दल (एस) के युवा मंच के प्रदेश सचिव आनंद प्रकाश, पार्टी के रोहनिया विधानसभा अध्यक्ष राजकुमार और गनर प्रदीप को चोट आई है। गनीमत रही कि अनियंत्रित हुई ट्रवेरा की जद में काफिले के दूसरे वाहन नहीं आए।
उपचार कर रहे डॉक्टरों ने तीनों घायलों की स्थिति स्थिर बताई है। इस बारे में केंद्रीय मंत्री के सलाहकार रामकुमार विश्वकर्मा ने बताया कि हादसे के कारण फिलहाल दिल्ली जाने सहित रविवार के अन्य कार्यक्रम निरस्त कर दिए गए हैं।