एडीजी लॉ एंड ऑर्डर के साथ वाराणसी एसएसपी और सिटी एसपी
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के थानों पर गठित एंटी रोमियो स्क्वॉड का जल्द ही नए सिरे से कायाकल्प होगा। आने वाले दिनों में एंटी रोमियो स्क्वॉड सशक्त रूप में दिखाई देगा। इस स्क्वॉड को महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 से जोड़कर पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिलाया जाएगा।
इसके बाद वाहन सहित अन्य सुविधाओं से लैस कर फील्ड में तैनात किया जाएगा। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर आनंद कुमार ने सोमवार को वाराणसी के पुलिस लाइन स्थित सभागार में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में शासन स्तर पर कवायद जारी है।
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर एसटीएफ और एटीएस की वाराणसी इकाई के साल भर के कार्यों के मूल्यांकन के साथ ही जिले की शांति और कानून व्यवस्था की समीक्षा करने आए थे।
उन्होंने एसटीएफ के कामकाज में सुधार की जरूरत बताई और कहा कि संगठित अपराध में शामिल गिरोहों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करें। इस दौरान उन्होंने एटीएस के कामकाज की तारीफ की।
उधर, एडीजी जोन कार्यालय में हुई बैठक में एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने लंका से एटीएम कैश वैन से 26.50 लाख रुपये उड़ाने के मामले के खुलासे और रिकवरी पर खुशी जताई।
कहा कि गिरफ्त में आए आरोपियों की मदद से प्रदेश भर में फैले इस गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार किया जाए। इस दौरान एडीजी जोन पीवी रामाशास्त्री, आईजी रेंज दीपक रतन और एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज मौजूद रहे।