अवैध ईंट भट्ठों पर कार्रवाई न होने पर क्षेत्रीय अधिकारी से मांगा जवाब उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों ने बताईं समस्याए, जिलाधिकारी समाधान का भरोसा दिलाया संवाद न्यूज एजेंसी वाराणसी। उद्योग बंधु की बैठक सोमवार को रायफल क्लब सभागार में हुई। इसमें इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए), लघु उद्योग भारती और ईंट निर्माता परिषद के उद्यमियों ने समस्याएं बताईं। जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। अवैध रूप से संचालित ईंट भट्ठों पर कार्रवाई में लेटलतीफी पर सीडीओ ने क्षेत्रीय अधिकारी से जवाब मांगा। आईआईए के राष्ट्रीय सचिव राजेश भाटिया ने चांदपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित कमला प्रिंटिंग प्रेस के लंबित सिक्योरिटी भुगतान का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि विद्युत कनेक्शन के पीडी होने के बावजूद भी सिक्योरिटी की रकम विभाग द्वारा नहीं लौटाई गई।
विज्ञापन
महामंत्री नीरज पारिख ने कहा कि उद्यमियों को नया बिजली कनेक्शन नहीं दिया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को समस्याओं का समाधान कराने को कहा। लघु उद्योग भारती काशी प्रांत के अध्यक्ष राजेश सिंह ने साड़ी निर्माण करने वाली इकाई की निरस्त लीज को बहाल करने का मुद्दा उठाया। जिलाधिकारी ने कहा कि यह मामला फिलहाल न्यायालय में है, न्यायालय के निर्णय के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। ईंट निर्माता परिषद के अध्यक्ष कमला कांत पांडेय ने अवैध रूप से संचालित ईंट भट्ठों के संचालन और उन पर कार्रवाई न होने की बात कही। कार्रवाई में लेटलतीफी पर सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए क्षेत्रीय अधिकारी एस सी शुक्ल से जवाब मांगा। जिलाधिकारी ने निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित सभी आवेदनों को जल्द निस्तारण करने को कहा।
सीडीओ ने नगर निगम और औद्योगिक आस्थान सहकारी समिति को आपसी समन्वय बनाकर चांदपुर क्षेत्र में सफाई कराने को कहा। लघु उद्योग भारती काशी प्रांत के सदस्यों ने जिलाधिकारी काे सम्मानित किया।