वाराणसी के रोहनिया के दरेखू में तीन साल से बंद कामरुप इंडस्ट्रियल गैसेज लिमिटेड ऑक्सीजन प्लांट को अन्नपूर्णा इंडस्ट्रियल गैस लिमिटेड प्रहलाद घाट को चलाने के लिए सौंप दिया गया है। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि इस प्लांट में रविवार से ऑक्सीजन उत्पादन कार्य शुरू करने के लिए निर्देशित किया गया है।
चार मिट्रिक टन क्षमता के इस प्लांट से 24 घंटे में 400 आक्सीजन सिलिंडर का उत्पादन रोजाना होगा। प्लांट को अधिग्रहित करते हुए इस प्लांट को चलाने के लिए तीन दिन पूर्व आवेदन मांगे गए थे। कुल पांच आवेदन आए, जिसमें अन्नपूर्णा गैस को उपयुक्त पाया गया। प्लांट के चालू होने से ऑक्सीजन किल्लत बहुत हद तक कम हो जाएगी।
रोहनिया के जगतपुर, देरखू स्थित आस्थाना कामरूप गैस आक्सीजन प्लांट खोला गया था लेकिन विद्युत समस्याओं के चलते प्रोडक्शन में बाधा आने के बाद 2017 में
प्लांट बंद हो गया था। इस समय ऑक्सीजन किल्लत को देखते हुए जिला प्रशासन फिर से प्लांट को शुरू करने की कवायद में जुटी हुई थी। उपायुक्त उद्योग वीरेंद्र कुमार ने बताया कि दो मई से प्लांट शुरू हो जाएगा।