अन्नकूट पर आएगी 5 हजार घरों से रसोई
धर्मसंघ स्थित मणिमंदिर में होने वाले अन्नकूट महोत्सव में पांच हजार घरों से तैयार भोग अर्पित किया जाएगा। इसके अलावा मंदिर में 101 क्विंटल का छप्पन भोग सजाया जाएगा। मां विशालाक्षी देवी का वार्षिक शृंगार अन्नकूट दो नवंबर को होगा। महंत राधेश्याम दुबे ने बताया कि दो नवंबर को माता को फल, मीठा व अन्न से नैवेद्य लगाया जाएगा। माता की शयन आरती रात 11.30 बजे के बाद प्रसाद वितरित किया जाएगा। बड़ा गणेश मंदिर में भी अन्नकूट की झांकी सजेगी।
कनक धारा के एक लाख मंत्रों से गूंजेगा मणिमंदिर
विश्व कल्याण की कामना और भारत के वैभव के लिए करपात्री महाराज की तपस्थली पर 11 दिवसीय अनुष्ठान होगा। धर्मसंघ परिसर स्थित मणि मंदिर में अन्नपूर्णा स्तोत्र, श्रीसूक्त और कनक धारा के मंत्रों का एक लाख पाठ होगा। कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा से एकादशी तक नियमित मंत्रों का अनुष्ठान होगा।
धर्मसंघ के महामंत्री पं. जगजीतन पांडेय ने बताया कि देश में धन-धान्य और वैभव की कामना से 11 दिवसीय अनुष्ठान किए जा रहे हैं। अन्नपूर्णा स्तोत्र, कनक धारा और श्रीसूक्त के मंत्रों का एक लाख पाठ होगा। कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा से 108 बटुक नियमित रूप से 11 दिनों मंत्रों का जाप करेंगे। अंतिम दिन हवन के साथ ही मंत्रों की पूर्णाहुति होगी।