अन्याय प्रतिकार यात्रा के दौरान पांच अक्तूबर को गोदौलिया में हुए बवाल मामले में पुलिस ने बुधवार को सूजाबाद निवासी पंकज यादव को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। बवाल के दौरान लिए गए वीडियो फुटेज में पंकज को दरोगा अंजनी मिश्रा को पीटते हुए देखा गया था। इस मामले में अब तक कुल 70 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। एसएसपी आकाश कुलहरि का कहना है कि घटना में शामिल कुछ अन्य लोगों को भी चिह्नित किया गया है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी भी की जाएगी।
गंगा में ही प्रतिमा विसर्जन पर अड़े संतों और राजनीतिक दलों के लोगों ने पांच अक्तूबर को अन्याय प्रतिकार यात्रा निकालने का एलान किया था। यात्रा के गोदौलिया पहुंचने के करीब ही भीड़ और पुलिस के बीच संघर्ष हो गया। भीड़ ने पुलिस की तीन जीप और तांगा स्टैंड में खड़ी लोगों की दर्जनों बाइक फूंक दी। पुलिस ने इस मामले में कांग्रेस विधायक अजय राय, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद समेत 106 लोगों के खिलाफ नामजद और सैकड़ों अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। इसी मामले में गिरफ्तार किए गए विधायक अजय राय फिलहाल फतेहगढ़ सेंट्रल जेल में बंद हैं।