गेहूं नहीं खरीदे जाने से नाराज किसानों ने मंगलवार को महाराजगंज-बदलापुर मार्ग पर सरायत्रिलोकी मोड़ के पास गेहूं लदा ट्रैक्टर-ट्राली खड़ा कर मंगलवार को शाम करीब साढ़े चार बजे जाम लगा दिया। उनको आरोप था कि बदलापुर में विपणन केंद्र की ओर से खोले गए क्रय केंद्र पर गेहूं नहीं खरीदी जा रही है। तकरीबन आधे घंटे तक जाम लगने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जानकारी होने पर प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार उपाध्याय ने किसानों से टेलीफोनिक वार्ता कर शाम करीब पांच बजे जाम समाप्त कराया।
किसानों ने आरोप लगाया कि पिछले 15 दिनों से क्रय केंद्र प्रभारी ज्ञानी गौतम सिंह की ओर से उनका गेहूं खरीदने के लिए केवल आश्वासन दिया जा रहा है। जब मंगलवार को गेहूं की खरीद नहीं की गई तो नाराज किसानों ने रोड पर जाम लगा दिया। उनका कहना था कि ग्राम गजेंद्रपुर निवासी बलराम सिंह का ट्रैक्टर पर गेहूं 40 क्विंटल, राकेश सिंह का ट्रैक्टर ट्राली पर लदा गेहूं 25 क्विंटल, अश्वनी सिंह का ट्रैक्टर पर लदा गेहूं 35 क्विंटल, शिव बहादुर सिंह निवासी सराय त्रिलोकी का 45 क्विंटल, रामबरन केवट मरगूपुर का 35 क्विंटल तथा वशिष्ठ नारायण सिंह निवासी नरायनपुर का 35 क्विंटल गेहूं लेकर ट्रैक्टर ट्राली क्रय केंद्र पर तीन दिनों से पड़ा हुआ है, लेकिन अभी तक नहीं खरीदी गई है। भारी बारिश से ट्रैक्टर पर लदा गेहूं भीग गया है। इससे किसानों का भारी नुकसान हो रहा है।