नगरा । खनवर में आयोजित आशीर्वाद समारोह में सोमवार की रात केबल के ऊपर भट्टी जलाने को लेकर कैटरिंग फर्म के श्रमिक और बिजली की सजावट करने वाले लोगों के बीच मारपीट हो गई। इसमें एक बिजली मिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया पर रास्ते में उसकी मौत हो गई।
मोहन भारती पुत्र लक्ष्मण भारती (35) निवासी नबाबगंज, थाना भेलूपुर वाराणसी खनवर गांव में आयोजित एक प्रोग्राम में बिजली की सजावट का कार्य करने के लिए आया था। समारोह स्थल पर वाराणसी से खाना बनाने के लिए आए मिलन कैटरर्स का पंडाल लगा था। बिजली की व्यवस्था करने वाले भी वाराणसी के ही थे। बताते हैं कि बिजली सप्लाई के लिए लगे केबल के ऊपर कैटरर्स के श्रमिकों ने कोयले की भट्ठी बना दी थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इसमें मोहन भारती गंभीर रूप घायल हो गया। उसे तत्काल पीएचसी नगरा ले जाया गया। वहां से उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया पर बलिया ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने रात में ही मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। प्रभारी निरीक्षक यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
एसपी देवेंद्रनाथ ने बताया कि खनवर गांव में आयोजित एक समारोह में बनारस से आए कैटरिंग और बिजली का काम करने वालों में मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है। यदि तहरीर मिलती है तो उचित कार्रवाई की जाएगी।