रेलवे प्रशासन की ओर से चलने वाली 22588/22587 बनारस-सियालदह-बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन 18 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संतरागाछी से हरी झंडी दिखाकर किया था। अब यह ट्रेन बनारस से 23 जनवरी से नियमित चलाई जाएगी। बनारस से सियालदाह जाने वाली 22588 अमृत भारत ट्रेन यूपी के बनारस रेलवे स्टेशन से सप्ताह में तीन दिन शुक्रवार, रविवार, मंगलवार को रात 10:10 बजे चलेगी।
यह कैंट यानी वाराणसी जंक्शन पर भी नहीं रुकेगी। इसका पहला ठहराव दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन होगा। यहां पर 11:15 बजे पहुंचेगी और दूसरे दिन पटना, आसनसोल, दुर्गापुर होते हुए सियालदाह स्टेशन पर सुबह 9:55 बजे पहुंचेगी।
स्लीपर और जनरल के 8-8 कोच से यात्रियों को राहत
बनारस स्टेशन से चलने वाली पहली अमृत भारत ट्रेन में स्लीपर और जनरल के 8-8 कोच रहेंगे। इस वजह से आम यात्रियों को इस ट्रेन से सफर करने में बड़ी राहत होगी। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि ट्रेन में एसएलआरडी के भी 2 कोच होंगे। आकर्षण डिजाइन और आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह स्वदेशी ट्रेन तकनीकी दृष्टि से भी अत्यंत सुरक्षित है।