दो प्रकार की डिमेंशिया : मानसिक अस्पताल के निदेशक डॉ. चंद्र प्रकाश मल्ल बताते हैं कि डिमेंशिया अल्जाइमर और वैस्कुलर दो प्रकार की होती है। अल्जाइमर डिमेंशिया 50 से अधिक उम्र के लोगों को होती है। इसे सेनाइल डिमेंशिया भी कहते हैं। इसमें दिमाग की कोशिकाएं खराब होने लगती हैं।
इनके बीच क्लाटिंग हो जाती है। वैस्कुलर डिमेंशिया में दिमाग की नसों में खून की सप्लाई कम होने लगती है। इसमें ब्रेन स्ट्राेक आने की आशंका ज्यादा होती है। हालांकि, इसके ठीक होने की संभावना ज्यादा होती है जबकि एल्जाइमर डिमेंशिया ठीक नहीं होती है।
केस 1: मैदागिन के पवन कुमार को कुछ वर्षों से भूलने की आदत हो गई थी। शुरू में परिजनों ने इसे अनदेखा कर दिया। लेकिन फिर स्थिति गंभीर होने पर पवन की याद्दाश्त इतनी कमजोर हो गई कि वह अपने बेटे को अपना भाई बताने लगे। परिजन उन्हें मंडलीय अस्पताल ले गए। वहां इलाज के साथ ही परिजनों की काउंसिलिंग की गई।
केस 2: एक प्राइवेट कंपनी में काम करने वाले मनोज को भी भूलने की आदत हुई। समस्या गंभीर होने पर परिजन मानसिक अस्पताल ले गए। वहां दवा के साथ ही परिजनों को मरीज से बर्ताव के तरीके बताए गए।
डिमेंशिया से बचने के लिए मेंटल एक्सरसाइज अत्यंत आवश्यक है। किताबें और अखबार पढ़ने की आदत डालें। सूडोकू, पहेली जैसे लॉजिक वाले खेल खेलने की आदत डालें। - डॉ. अरविंद सिंह, न्यूरोलॉजिस्ट।
डिमेंशिया के मरीजों की याद्दाश्त वापस नहीं लाई जा सकती है। दवा के माध्यम से इसके प्रभाव को कम किया जा सकता है। परिजनों को भी अपने मरीज से नरमी से पेश आना चाहिए। - डॉ. उपासना, न्यूरोलॉजिस्ट।
डिमेंशिया के मरीजों को शुरुआत में ही ठीक किया जा सकता है। बार-बार सोचने समझने से दिमाग की नसों पर असर पड़ता है। दवा के साथ ही योग और मेडिटेशन से इसके असर को कम किया जा सकता है। - डॉ. चंद्र प्रकाश मल्ल, निदेशक, मानसिक अस्पताल।