कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर छेड़े गए जन जागरण अभियान के तहत अब रोडवेज बसों में प्री रिकॉर्डेड ऑडियो की गूंज यात्रियों को सुनाई देगी। माना जा रहा है कि सदी के महानायक अमिताभ बच्चन की आवाज से यात्रियों को जागरूक किया जाएगा।
25 अक्तूबर से पहले वाराणसी परिक्षेत्र की 538 बसों में यह रिकॉर्डेड ऑडियो सिस्टम लगाया जाएगा। इसके साथ ही कैंट बस स्टेशन परिसर पर भी यात्रियों को जागरूक किया जाएगा। सोमवार की शाम क्षेत्रीय प्रबंधक एसके राय ने सभी 8 डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को यह आदेश जारी करते हुए 25 अक्तूबर से पहले ऑडियो सिस्टम लगाने को निर्देशित किया है।
सभी उपकरणों की खरीदारी जेम पोर्टल से की जाएगी। क्षेत्रीय प्रबंधक के अनुसार कोरोना से बचाव को लेकर यात्रियों को जागरूक किया जाएगा। इसके लिए बसों में रिकॉर्डेड ऑडियो सिस्टम माह के तीसरे सप्ताह तक लगाए जाएंगे। 'जब तक दवाई नहीं तब तक ढिलाई नहीं' की तर्ज पर चलाए गए अभियान के तहत लोगों को जागरूक किया जा रहा है।