भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता व आईटी विभाग के प्रदेश संयोजक संजय राय ने कहा कि जिला स्तर और क्षेत्र स्तर पर आईटी वालंटियर का सम्मेलन होगा। वाराणसी जिले के सम्मेलन में जिला प्रभारी के रूप में प्रदेश के मंत्री व क्षेत्र स्तर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आएंगे।
09 से 20 फरवरी तक जिला सम्मेलन और 20 फरवरी से दो मार्च के बीच क्षेत्रीय सम्मेलन होगा। इसके लिए एक फरवरी से आठ फरवरी तक पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा। प्रदेश के 15 केंद्रों पर ऑनलाइन पंजीकरण होगा। रविवार को गुलाब बाग स्थित पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से कहा कि प्रदेश में 1.60 लाख बूथ हैं।
इनमें से 1.41 लाख बूथों पर आईटी के पांच-पांच वालंटियर्स को सोशल मीडिया बूथ वर्कर के रूप में बनाया गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद डॉ महेंद्र नाथ पांडेय ने मुगलसराय तहसील का नाम दीनदयाल उपाध्याय करने पर खुशी जताई। प्रदेश सरकार के निर्णय का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि मुगलसराय तहसील का नाम दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर रखा जाना एक नए युग की शुरुआत है।